News

08-04-2026 19:46:30

मंगलौर में तीसरी निशुल्क तीर्थ यात्रा रवाना, स्वामी यतीश्वरानंद ने दिखाई हरी झंडी

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना द्वारा आयोजित निशुल्क तीर्थ यात्रा का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को मंडावली स्थित कार्यालय से तीसरी निशुल्क तीर्थ यात्रा को उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस यात्रा के लिए 10 बसों की व्यवस्था की गई, जिनमें मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगभग 600 महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा रवाना होने के दौरान कार्यालय परिसर में भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यात्रा में शामिल लोगों ने बताया कि करतार सिंह भड़ाना की ओर से आयोजित यह उनकी पहली तीर्थ यात्रा है। श्रद्धालुओं ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें इस पुण्य यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि भड़ाना गरीब और आम जनता का दर्द समझते हैं और क्षेत्र को ऐसे ही सेवाभावी नेता की आवश्यकता है। कई ग्रामीणों ने यह भी कहा कि मंगलौर से इस बार करतार सिंह भड़ाना जैसे नेता को ही विधायक बनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना सदैव जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं। निशुल्क यात्रा का आयोजन कर उन्होंने सेवा की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को ऐसे जनप्रतिनिधि की जरूरत है जो सुख-दुख में जनता के साथ खड़ा रहे और उनका मानना है कि ऐसे ही व्यक्ति को विधायक चुना जाना चाहिए।

गौरतलब है कि करतार सिंह भड़ाना की ओर से यह तीसरी निशुल्क तीर्थ यात्रा आयोजित की गई है। लगातार हो रहे इन आयोजनों से स्पष्ट है कि वह मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। यात्रा को लेकर गांव-गांव में चर्चा है और राजनीतिक माहौल भी गरमाने लगा है। गुर्जर बहुल मंगलौर सीट पर भड़ाना की सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस मौके पर सुशील राठी, शोभित गुप्ता, राम मूर्ति, राजीव राणा, योगेश नेता, शिशु प्रधान, चेयरमैन परितोषत, अंकुल, बादल मलिक, मांगेराम, कुलदीप सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies