
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। लक्सर ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऐथल बुजुर्ग में आज प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी ने विद्यालय पहुंचकर नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत किया और उन्हें शिक्षण सामग्री व पुस्तकें वितरित कीं। इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष भोज का भी आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया लगातार जारी है और अब तक कुल 24 नए प्रवेश किए जा चुके हैं। खास बात यह रही कि इनमें से 14 बच्चे ऐसे हैं, जो पहले कभी स्कूल नहीं गए थे। ये सभी बच्चे ऐथल की गुज्जर बस्ती से हैं, जिन्हें पहली बार विद्यालय से जोड़ने का प्रयास सफल हुआ।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इन बच्चों के स्कूल आने-जाने की व्यवस्था भी विद्यालय की ओर से की गई है। ये परिवार मूल रूप से डोईवाला क्षेत्र से विस्थापित होकर यहां आकर बसे हैं। विद्यालय के शिक्षक फहीम अहमद द्वारा बाल गणना के दौरान इन बच्चों की पहचान की गई, जिसके बाद 6 अप्रैल को उनके घर जाकर संपर्क किया गया। इस पहल से परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ की अर्चना चमोली, सपना सिंह, भावना चौहान, ललिता, दीपाली, फहीम अहमद सहित अभिभावक नूर अहमद, फारूक और बच्चों की माताएं भी उपस्थित रहीं। यह प्रवेश उत्सव न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि समाज के उन बच्चों के जीवन में नई उम्मीद की किरण भी लेकर आया, जो अब तक शिक्षा से वंचित थे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies