दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक के पैत्याने क्षेत्र में पटाखे चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुछ व्यक्ति खुलेआम पटाखेबाजी करते नजर आ रहे हैं और हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वे हंसते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पटाखा चलने के बाद उसका हिस्सा सीधे वजूखाने की ओर गिरा, जहां उस समय एक व्यक्ति वजू कर रहा था। वह व्यक्ति बाल-बाल बच गया।लेकिन कुछ क्षणों की यह लापरवाही बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी। घटना के समय आसपास मौजूद जायरीनों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।राहत की बात यह रही कि पटाखा भीड़भाड़ वाले मुख्य आस्ताने या दरगाह परिसर के भीतर नहीं गिरा अन्यथा स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। उल्लेखनीय है कि दरगाह परिसर और उसके आसपास पटाखे चलाना व किसी भी प्रकार के हथियार ले जाना सख्त रूप से प्रतिबंधित है इसके बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और जायरीनों में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन और दरगाह प्रबंधन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।ज्वांइट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि वीडियो के आधार पर पटाखा चलाने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रह है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies