News

04-04-2026 15:55:09

रुड़की में एसटीएफ की छापेमारी::101 एलपीजी सिलेंडर बरामद-गोदाम में ताला लगाकर महिलाएं घर में हुई कैद....

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में एसटीएफ देहरादून की टीम ने छापेमारी करते हुए 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। बरामद सिलेंडरों में अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ नामक कंपनी के बताए जा रहे हैं। सभी सिलेंडर खाली पाए गए हैं। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जो मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार उक्त सिलेंडर गदरजुड़ा निवासी एक व्यक्ति के बताए जा रहे हैं, जिनकी वहां एक निजी कंपनी की गैस एजेंसी संचालित है। जिस स्थान से सिलेंडर बरामद हुए, उसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। गोदाम के ठीक सामने एजेंसी स्वामी का आवास भी है।

छापेमारी के दौरान खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मदन रावत भी मौके पर पहुंचे। एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी, संजय तथा सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।

गोदाम में ताला लगाकर घर में घुसी महिलाएं

सिलेंडरों की सूचना पर पहुंची एसटीएफ टीम ने कथित गोदाम में प्रवेश कर सिलेंडरों की गिनती की और कागजी कार्रवाई के लिए बाहर निकली। इसी दौरान सामने स्थित घर में मौजूद महिलाओं ने टीम के साथ अभद्रता की और गोदाम में ताला जड़ दिया। इसके बाद वे घर के अंदर जाकर दरवाजे बंद कर बैठ गईं।

टीम के काफी प्रयासों के बावजूद महिलाएं बाहर नहीं आईं। फिलहाल पुलिस व खाद्य आपूर्ति विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies