News

03-04-2026 17:34:45

बिना तलाक दूसरी शादी का आरोप, कलियर की महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप...


दैनिक रुड़की

कलियर। क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति पर बिना तलाक दिए दूसरी फर्जी शादी करने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में न्याय की गुहार लगाई है।

महिला का आरोप है कि वर्ष 2019 में कलियर निवासी एक युवक ने मुस्लिम रीति-रिवाज से उसके साथ निकाह किया था। उसके पास निकाहनामा की रसीद भी मौजूद है। निकाह के बाद वह अपने पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी और दोनों का एक बेटा भी हुआ। महिला का कहना है कि कुछ समय बाद उसके पति ने उसे छोड़ दिया। आरोप है कि पति के परिजनों ने किसी रिश्तेदारी में एक अन्य युवती से उसका फर्जी निकाह करवा दिया। जब महिला ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, तो ससुराल पक्ष ने उसे बहला-फुसलाकर तहरीर वापस करवा ली।

महिला के अनुसार उसके पति ने कुरान की कसम खाते हुए उसे साथ रखने का आश्वासन दिया था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। इसके बावजूद उसे ससुराल में नहीं रखा गया और बाद में पति ने न्यायालय में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। महिला ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए यूसीसी कानून के तहत एक व्यक्ति एक ही शादी कर सकता है, लेकिन उसके पति ने इसका उल्लंघन किया है। पीड़िता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies