
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर एलायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 179-A द्वारा पंचशील मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एलायंस क्लब की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनीता अग्रवाल ने भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर भोग लगाकर अपने कार्यकाल का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर को सेवा और आध्यात्म से जुड़ने का श्रेष्ठ माध्यम बताया।
भंडारे में क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनीता अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में सभी को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सेवा और सद्भावना को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में इंटरनेशनल कमेटी चेयरमैन अरविंद गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए डिस्ट्रिक्ट 179-A को शुभकामनाएं दीं। अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से समाज की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम में योगेश सिंघल, दिलीप प्रधान, प्रमोद अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, अजय कंसल, नरेंद्र आहूजा, मीनू प्रधान, रीता अग्रवाल, सुमित भार्गव, राजीव गोयल, कमल धवन, लाल धवन, रीना गुप्ता, मनु गोयल, सुमन गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies