
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। गंग नहर किनारे स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गुरुवार को श्री हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही और वातावरण 'जय श्रीराम' के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

उत्सव का शुभारंभ अल सुबह हनुमान जी के अभिषेक से हुआ। पंडित राम गोपाल पाराशर एवं लव कुश पाराशर के सानिध्य में मारुति नंदन को दूध, दही, शहद और पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद प्रभु का मनमोहक श्रृंगार किया गया और विश्व कल्याण हेतु यज्ञ में आहुतियां डाली गईं। इसके बाद शाम को भक्तिमय सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ हुआ। पाठ के समापन पर हनुमान जी की भव्य आरती की गई। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस मौके पर कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष सरीन, सेक्रेटरी प्रमोद जोहर, प्रदीप परुथी, विजय सेठी, और सरिता गोयल, चांदनी, दीक्षा, धारा, मधु, नीता गोयल, बाला रानी, रानी और कमलेश सरीन ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies