
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। अंबर तालाब स्थित श्री प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया और दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का तांता लगा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह श्री हनुमान जी के भव्य श्रृंगार और दिव्य आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्वान पंडितों द्वारा हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। जिसमें आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कैबिनेट मंत्री ने लिया आशीर्वाद
इस विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी मंदिर पहुंचकर माथा टेका और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने हवन-पूजन में भी प्रतिभाग किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि श्री हनुमान जी शक्ति, भक्ति और सेवा के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें संकटों से लड़ने और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज का दिन हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।


मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य रजनीश शास्त्री ने सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हनुमान जी कलयुग के जागृत देव हैं। जो भक्त सच्ची निष्ठा से उनकी शरण में आता है, उसके सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। आज के विशेष श्रृंगार और पूजन का उद्देश्य जन-कल्याण और भक्ति मार्ग को प्रशस्त करना है।


इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय निवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies