दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।उत्तराखण्ड राज्य हज समिति ने हज यात्रा 2026 के लिए चयनित आवेदकों को राहत देते हुए तीसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी।जिसे अब बढ़ाकर 6 अप्रैल कर दिया गया है।
बुधवार को हज समिति कार्यालय से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद के प्रयासों से यह निर्णय लिया गया। जिससे उन आवेदकों को अतिरिक्त समय मिल सके जो अब तक अपनी शेष धनराशि जमा नहीं कर पाए थे।हज अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान ने बताया कि हज पर जाने वाले आवेदकों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं।
जो हज आवेदक क़ुर्बानी का विकल्प चुन चुके हैं, उन्हें 86,580 रुपये प्रति व्यक्ति जमा करने होंगे। वहीं जिन्होंने क़ुर्बानी का विकल्प नहीं चुना है, उन्हें 69,300 रुपये प्रति व्यक्ति की राशि जमा करनी होगी।आवेदक यह भुगतान हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन (क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या हज सुविधा ऐप) कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में भी बैंक रेफरेंस नंबर के साथ राशि जमा की जा सकती है।
समिति ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वह 6 अप्रैल 2026 तक या उससे पहले भुगतान सुनिश्चित करें और पे-इन स्लिप या ऑनलाइन रसीद को उत्तराखण्ड राज्य हज समिति हज हाउस पिरान कलियर कार्यलय में शीघ्र जमा कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर भुगतान न करने पर आवेदकों की हज यात्रा प्रभावित हो सकती है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies