
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।नगर निगम रुड़की ने विज्ञापन निविदा की शर्तों का पूर्ण अनुपालन न करने पर एक फर्म को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 28 मार्च 2026 को नगर आयुक्त कार्यालय से जारी किया गया।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में निविदा संख्या 2024_MCNNR_72652_1 (दिनांक 26 जून 2024) के तहत नगर निगम सीमा क्षेत्र के 76 यूनिपोल पर विज्ञापन प्रदर्शित करने के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। तकनीकी एवं वित्तीय बिड प्रक्रिया के बाद संबंधित फर्म की 1,55,11,000 रुपये (जीएसटी रहित) की उच्चतम बोली स्वीकार की गई थी। निविदा शर्तों के तहत स्वीकृत धनराशि का 2 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी पर अनुबंध निष्पादन किया जाना था, जिसकी राशि 3,10,220 रुपये बनती है। नगर निगम के अनुसार फर्म द्वारा उक्त शर्त का अभी तक अनुपालन नहीं किया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने नोटिस में निर्देशित किया है कि तीन दिवस के भीतर संबंधित धनराशि स्टांप पेपर के रूप में जमा कराई जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।नोटिस सहायक नगर आयुक्त के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
क्या एक वर्ष का ही कंपनी पर है बकाया?..
इस संबंध में आरोप लगाने वाले फर्म स्वामी के अनुसार उक्त कंपनी 2013 से लगातार नगर निगम के टेंडर ले रही है और कई वर्षों की स्टाम्प शुल्क चोरी की गई है। ऐसे में नगर निगम ने नोटिस में एक साल के स्टाम्प शुल्क को देने की बात कही है। बाकी पिछले वर्षों का शुल्क जमा है या नहीं यह निगम ने स्पष्ट नहीं किया है। वहीं अब नोटिस जारी होने के बाद निगम के राजस्व के नुकसान की भरपाई हो पाएगी या नहीं यह देखने वाली बात होगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies