
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। बीती 26 मार्च 2026 को पिरान कलियर क्षेत्र में गंगनहर में नहाते समय डूबे दो युवकों के शव एसडीआरएफ टीम ने लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर बरामद कर लिए। दोनों युवक ईद से पहले जुम्मे के अवसर पर कलियर घूमने आए थे।


जानकारी के अनुसार, मोहसिन (17 वर्ष) निवासी काशीपुर, उत्तर प्रदेश तथा आसिफ (18 वर्ष) निवासी दिल्ली, 26 मार्च को गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव में बह गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
एसडीआरएफ द्वारा कलियर से लेकर मोहम्मदपुर झाल तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। 29 मार्च 2026 को मोहसिन का शव आसफनगर झाल के पास बरामद किया गया। इसके बाद 30 मार्च 2026 को आसिफ का शव भी आसफनगर झाल क्षेत्र से ही प्राप्त हुआ।
दोनों शवों की सूचना रुड़की कंट्रोल रूम को दी गई तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव गंगनहर पुलिस को सौंप दिए गए।एसडीआरएफ टीम प्रभारी आशीष त्यागी के नेतृत्व में यह सर्चिंग अभियान लगातार चलाया गया। टीम के प्रयासों से दोनों युवकों के शव बरामद किए जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies