
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। शिविर के छठे दिन की शुरुआत योग और आध्यात्मिक शांति के संदेश के साथ हुई। योग प्रशिक्षक नरेश कुमार और रजनी कालरा ने स्वयंसेवियों को योग और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से मानसिक तनाव और चिंता कम होती है तथा एकाग्रता बढ़ती है।

इसके पश्चात, मनोज सैनी और कुलदीप त्यागी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से संदेश दिया गया कि जलवायु परिवर्तन से निपटने और स्वच्छ हवा के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। पेड़ न केवल ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि तापमान को कम करने और मिट्टी के कटाव को रोकने में भी सहायक होते हैं।

दिन के अंतिम सत्र में एड. श्रीगोपाल नारसन ने स्वयंसेवियों को सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम 2005 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए यह कानून बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य सूचना 30 दिनों के भीतर और जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना 48 घंटों के भीतर प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी मनोज सैनी, कुलदीप त्यागी, अनुपमा, उदित, दीपक सैनी, कुणाल, कपिल मोहन, रमन पाल, सुमुखी, तनु और जाह्नवी सहित कई स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies