
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह में फर्जी खादिमों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे दरगाह की छवि धूमिल हो रही है। देशभर से जियारत के लिए आने वाले जायरीन के साथ अभद्र व्यवहार और अवैध वसूली की घटनाएं सामने आ रही हैं। शिकायतों के बावजूद इन फर्जी खादिमों में न तो पुलिस का भय नजर आ रहा है और न ही दरगाह प्रबंधन का प्रभाव।

बताया जा रहा है कि दरगाह परिसर में 50 से 70 तक फर्जी खादिम सक्रिय हैं,जो जायरीनो (श्रद्धालुओं) को जबरन अपनी ओर खींचते हैं और उनसे पैसे की मांग करते हैं। विरोध करने पर बदसलूकी और अभद्रता पर उतर आते हैं, जिससे जायरीन में भय का माहौल बना हुआ है। दरगाह सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने कलियर थाना पुलिस को तहरीर देकर मामले की शिकायत की है।
उन्होंने बताया कि तहसीलदार रुड़की एवं दरगाह प्रबंधक की ओर से जारी एक वीडियो में कुछ फर्जी खादिम दरगाह परिसर में अव्यवस्था फैलाते और जायरीन से वसूली करते नजर आ रहे हैं।वीडियो के आधार पर पहचान करते हुए आधा दर्जन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।तहसीलदार रुड़की एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस को तहरीर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies