
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। बहादराबाद और करौंदी टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से लिए जा रहे टोल शुल्क को लेकर एक बार फिर आवाज उठी है। पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता ठाकुर संजय सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने टोल प्लाजा का उद्देश्य सड़कों के रख-रखाव और सुविधाओं को बेहतर बनाना है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और शहरवासियों को बार-बार टोल चुकाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। उन्होंने भारत सरकार की गाइडलाइन का हवाला देते हुए बताया कि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले निजी और व्यावसायिक वाहनों को नियमानुसार छूट दी जा सकती है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि रुड़की शहर के लोग कोर इंजीनियरिंग कॉलेज से नेशनल हाईवे का उपयोग करते हैं, जिसकी दूरी बहादराबाद टोल से लगभग 8 से 10 किलोमीटर है। इसी प्रकार करौंदी टोल के आसपास के ग्रामीण भी कम दूरी तय करते हैं, फिर भी उनसे पूरा टोल वसूला जा रहा है।
ठाकुर संजय सिंह ने मंत्री से मांग की है कि स्थानीय निवासियों को नियमों के अनुरूप टोल शुल्क से राहत दिलाई जाए और जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies