
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्यालय में आज उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ी बड़ी हलचल देखने को मिली। रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल ने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
यह जॉइनिंग कार्यक्रम उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव काजी निजामुद्दीन और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस दौरान उत्तराखंड के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गौरव गोयल अपने समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और उत्तराखंड में पार्टी का जनाधार और विस्तृत होगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा, “प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और हम सब मिलकर 2027 का चुनाव फतेह करेंगे।” उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं
।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को उठा रही है और नए साथियों के जुड़ने से संगठनात्मक ताकत और बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस को मजबूत विकल्प के रूप में देखेगी।
इस अवसर पर प्रीतम सिंह, करन महारा और हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने गौरव गोयल को सदस्यता ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूती देने का संकल्प दोहराया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies