News

28-03-2026 13:30:15

पुलिस का अवैध असलहों पर बड़ा प्रहार-तमंचों का सप्लायर गिरफ्तार-चार तमंचे और चालीस कारतूस बरामद... खानपुर पुलिस की सघन चेकिंग में सफलता, पुरकाजी (UP) से पथरी में होनी थी सप्लाई

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::



रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली खानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध तमंचों की सप्लाई करने जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र और कारतूस बरामद किए हैं।


जानकारी के अनुसार दिनांक 27/28 मार्च 2026 की रात को थाना खानपुर पुलिस द्वारा गैर प्रांत उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर सीमा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी।

पुलिस को देखते ही चालक ने मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज कर दी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल बैरियर लगाकर घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति को दबोच लिया। हालांकि मोटरसाइकिल चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में दबिश जारी है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान शमशेर पुत्र महमूद (40 वर्ष), निवासी ग्राम करणपुर, थाना खानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध असलहे पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से अपने एक परिचित से लेकर आया था और थाना पथरी क्षेत्र में बिक्री के लिए जा रहा था।

पुलिस द्वारा आस-पास के थानों से की गई जानकारी में सामने आया है कि संदिग्धों द्वारा पूर्व में भी थाना पथरी क्षेत्र में अवैध तमंचों की बिक्री की जा चुकी है। पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है।आरोपी के पास से पुलिस ने

03 देशी तमंचा 315 बोर,

01 देशी तमंचा 12 बोर,

40 जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद किए हैं।।

इस संबंध में कोतवाली खानपुर में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन नेगी चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर, अपर उप निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह,हैड कांस्टेबल भीम सिंह और कांस्टेबल वसीम CIU हरिद्वार से शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies