News

27-03-2026 13:02:06

सिडकुल की नामी कंपनी में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का खुलासा, प्लांट हेड गिरफ्तार

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::



हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र की एक नामी कंपनी में नाबालिग लड़कियों के साथ अमानवीय व्यवहार और बंधुआ मजदूरी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्तिक एंटरप्राइजेज के प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज में कार्यरत कुछ महिलाओं और युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि प्लांट हेड रजनीश शर्मा और उसके सहयोगियों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें अवैध रूप से काम पर रखा था।

शिकायत के अनुसार, 24 मार्च को चेकिंग के नाम पर युवतियों के साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि ऑफिस के भीतर ही लड़कियों के दुपट्टे से उनके हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई और उन्हें बेइज्जत किया गया।


शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल में विभिन्न धाराओं और संबंधित एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 26 मार्च को मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े वीडियो बरामद हुए हैं, जिनमें लड़कियों के हाथ-पांव बंधे दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी की रिज्यूम फाइल में लड़कियों के असली आधार कार्ड की फोटोकॉपी से छेड़छाड़ कर उनकी उम्र बढ़ाई गई थी, ताकि उन्हें बालिग दिखाया जा सके। इसके अलावा नाबालिग लड़कियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक और ज्वलनशील उपकरणों पर काम कराया जा रहा था। आरोप है कि आरोपी उन पर चोरी कबूलने का दबाव भी बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश शर्मा (42 वर्ष) पुत्र महिपाल शर्मा निवासी रामपुर जेवर, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) हाल निवासी पीठ बाजार, बहादराबाद के रूप में हुई है।

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित लड़कियों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies