

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। दुर्गा अष्टमी का पर्व नगर में श्रद्धा,उत्साह और भक्ति के साथ मनाया गया।प्रातः से ही मंदिरों तथा घरों में भक्तों की भारी भीड़ जमा रही।भक्तों ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।अष्टमी के पावन अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई,वहीं अपने-अपने घरों में भी पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार कन्या पूजन किया गया।छोटी-छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया।उन्हें चुनरी ओढ़ी गई,चरण धोकर तिलक लगाया गया तथा स्वादिष्ट व्यंजन भी उनके लिए परोसे गए।

कन्याओं को प्रसाद के रूप में पूरी,चने और हलवा खिलाया गया,साथ ही उपहार तथा दक्षिणा भी भेंट की गई।इस दौरान घरों में भक्ति भरे गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा।कई स्थानों पर भजन कीर्तन और जागरण का भी आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए।कन्या पूजन के बाद नौ दिनों तक चलने वाले इस नवरात्रि व्रत का आज समापन हो गया।पूर्व मेयर गौरव गोयल ने अपने आवास पर कन्याओं का तिलक कर उन्हें उपहार भेंट किये।भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की आराधना कर अपने व्रत का पारण किया ।

नगर के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए।प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए प्रशासन ने व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखा।इस अवसर पर पूरे नगर का माहौल भक्तिमय और सौहार्दपूर्ण बना रहा।भक्तों ने एक दूसरे को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं दी और मां दुर्गा से सुख,समृद्धि,शांति और समृद्धि की कामना की।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies