
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम नगला कोयल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर चोर को चोरी के शत-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगला कोयल में एक घर की पिछली दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना का संज्ञान लेते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और चौकी प्रभारी नारसन उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित कर पतारसी-सुरागरसी शुरू की गई।

दिनांक 25 मार्च 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने नगला कोयल-नारसन चकरोड़ स्थित समाधि के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने लालचवश अपने ही गांव के एक घर में चोरी करना स्वीकार किया। वह चोरी का सामान पुरकाजी की ओर बेचने की फिराक में जा रहा था।
आरोपी की निशानदेही और जामा तलाशी के दौरान चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपी का नाम सादिक पुत्र दिलशाद, निवासी ग्राम नगला कोयल, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार (उम्र लगभग 25 वर्ष) बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक सोने की बाली, गोल्ड प्लेटेड झुमके, तीन अंगूठियां, एक हार, एक मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब व बिछुवे, ₹2,530 नकद, अल्ट्राटेक के कट्टे में लगभग 15 किलो गेहूं तथा आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई।
पुलिस टीम में पउपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज (चौकी प्रभारी नारसन), कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल देश दीपक बाली एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार आदि शामिल रहे
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies