दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर चल रहा आंदोलन लगातार जारी है। महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है।

महासंघ के अनुसार उनकी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन चलाया जा रहा है। इसके तहत 24 फरवरी 2026 से आंदोलन शुरू किया गया था, जिसमें विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर लगातार भाग ले रहे हैं। आंदोलन के प्रथम चरण में धरना-प्रदर्शन किया गया, जबकि आगामी चरणों में कार्य बहिष्कार और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
महासंघ का कहना है कि 10 मार्च, 18 मार्च और 21 मार्च को भी चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं 21 फरवरी को देहरादून में विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद अब तक शासन स्तर पर मांगों के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे इंजीनियरों में भारी नाराजगी है।
23 मार्च 2026 को आयोजित बैठक में भी मांगों पर किसी प्रकार की प्रगति न होने पर चिंता व्यक्त की गई। महासंघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय नेतृत्व द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के इंजीनियरों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies