News

23-03-2026 19:36:16

पीएलआई नीति के विरोध में बैंक कर्मियों का प्रदर्शन, काले रिबन-बैज लगाकर जताया रोष


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर के बैंकों में स्केल-III तक के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सरकार की परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) नीति के विरोध में काले रिबन एवं बैज लगाकर प्रदर्शन किया। इसी क्रम में रुड़की इकाई के अंतर्गत भी विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने पूरे दिन कार्य करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

यूनियनों के अनुसार, सरकार द्वारा स्केल-III तक के कर्मचारियों को 3 से 15 दिनों का PLI दिया जा रहा है, जबकि उच्च पदस्थ अधिकारियों को 360/365 दिनों का इंसेंटिव देने का निर्णय लिया गया है। इसे कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण बताते हुए यूनियनों ने कड़ा विरोध जताया है।

बैंक यूनियनों का कहना है कि PLI में यह भारी असमानता टीम वर्क की भावना के खिलाफ है और इससे बैंकिंग व्यवस्था में असंतुलन पैदा होगा। उनका यह भी मानना है कि इस अतिरिक्त राशि का उपयोग बैंकों में स्टाफ की कमी को दूर करने और ग्राहक सेवाओं में सुधार के लिए किया जा सकता था।

रुड़की में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने काले रिबन और बैज पहनकर कार्य किया और सरकार से इस निर्णय को वापस लेने की मांग की। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

यूएफबीयू रुड़की इकाई के संयोजक मन्नू माकिन ने कहा कि यह आदेश बैंक कर्मियों के बीच विभाजन पैदा करने और निम्न व मध्यम वर्ग के कर्मचारियों का मनोबल गिराने वाला है, जिसका लगातार विरोध किया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies