News

23-03-2026 18:51:04

कमांडो धन प्रकाश की मौत पर बवाल, पोस्टमार्टम के दौरान हंगामा; अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। बीएसएफ कमांडो धन प्रकाश की मौत के बाद सोमवार को रुड़की सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इस दौरान दलित समाज के लोगों और परिजनों ने निजी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया।

गौरतलब है कि बीते रोज सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद कमांडो धन प्रकाश को गौशाला तिराहा स्थित जगन्नाथ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि उनके पैर में फ्रैक्चर था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और दलित समाज के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।


सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान दलित नेता योगेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल पहुंचे और जगन्नाथ हॉस्पिटल के चिकित्सकों की गिरफ्तारी व अस्पताल को सील करने की मांग पर अड़ गए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।


इस दौरान एसपी देहात और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे। अंततः पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन और समाज के लोग कमांडो का शव लेकर वहां से रवाना हो गए।

वहीं, कमांडो के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जगन्नाथ हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. पारित अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies