


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और आसपास के देहात क्षेत्रों में स्थित ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए रोजेदारों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर अल्लाह की इबादत की और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।

मुख्य ईदगाह में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की, जहां का दृश्य अत्यंत भावुक और एकता का प्रतीक दिखाई दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़ों और ईदी को लेकर बेहद खुश नजर आए।
शहर के विभिन्न इलाकों में भी मस्जिदों के बाहर चहल-पहल रही। बाजारों में सुबह से ही रौनक दिखाई दी, जहां सेवइयां, मिठाइयों और अन्य पकवानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस बल भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहा।
ईद के इस पावन अवसर पर लोगों ने आपसी सद्भाव, प्रेम और एकता का संदेश देते हुए समाज में सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies