

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कैबिनेट विस्तार किए जाने के बाद रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके रुड़की पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
राजभवन देहरादून में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जैसे ही प्रदीप बत्रा रुड़की के लिए रवाना हुए, रास्ते में बिहारीगढ़, मंडावर, भगवानपुर सहित कई स्थानों पर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और जगह-जगह जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में भी प्रदीप बत्रा के कैबिनेट मंत्री बनने पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि “प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने से रुड़की और पूरे हरिद्वार जनपद का मान-सम्मान बढ़ा है। यह पार्टी नेतृत्व का दूरदर्शी निर्णय है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। रुड़की क्षेत्र में लंबे समय से लंबित परियोजनाएं अब तेजी से पूरी होंगी और जनता को उसका सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताते हुए इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि रुड़की की जनता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। मैं सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि “मेरी प्राथमिकता प्रदेश और विशेष रूप से रुड़की क्षेत्र का समग्र विकास है। बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। मैं जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करूंगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मधु सिंह, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राकेश गिरी, पूर्व पार्षद विवेक चौधरी, जिला महामंत्री सागर गोयल, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, रवि राणा, चौधरी धीर सिंह, प्रदीप पाल, संजय त्यागी, सुमित अग्रवाल, संजीव त्यागी, विकास पाल, ममता राणा, प्रतिभा सिंह, अरविंद गौतम, सुनीता गोस्वामी, बृजमोहन सैनी, मुकेश पाल, आदित्य रोड, सुभाष सरीन, दमन सरीन, आदि लोग शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies