News

20-03-2026 14:04:18

यूजर चार्ज के विरोध में व्यापार मंडल का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपकर निर्णय वापस लेने की मांग

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगर निगम रुड़की द्वारा लगाए गए यूजर चार्ज के विरोध में आवाज उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम संबोधित ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को सौंपा।

ज्ञापन में व्यापार मंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि नगर निगम द्वारा निवासियों एवं व्यापारियों पर मनमाने तरीके से यूजर चार्ज थोपना पूरी तरह अनुचित और दमनकारी है। उन्होंने कहा कि यह चार्ज किसी भी आधार—चाहे भवन, आवास या व्यापारिक प्रतिष्ठान—पर स्वीकार्य नहीं है और इसे तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही इस संबंध में जारी आदेश एवं गजट नोटिफिकेशन को भी अविलंब वापस लेने की मांग की गई।व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के पास कूड़ा उठान के लिए पर्याप्त संसाधन पहले से मौजूद हैं। नगर क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए पर्याप्त वाहन और कर्मचारी उपलब्ध हैं, ऐसे में थर्ड पार्टी को शामिल कर यूजर चार्ज लगाना किसी भी दृष्टि से तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने इसे नगरवासियों के साथ धोखा करार दिया।

इसके साथ ही व्यापार मंडल ने नगर निगम द्वारा लगाए गए व्यावसायिक कर को भी समाप्त करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष भवन कर में की गई 5 प्रतिशत वृद्धि को भी तत्काल वापस लिया जाना चाहिए, क्योंकि इससे आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

व्यापार मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक यूजर चार्ज और अन्य करों को समाप्त नहीं किया जाता, उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।ज्ञापन सौंपने वालों में नवीन गुलाटी (प्रदेश महामंत्री), राम गोपाल कंसल (संयोजक), चौधरी धीर सिंह (महानगर अध्यक्ष), कविस मित्तल (महानगर महामंत्री), अमित अग्रवाल (जिला उपाध्यक्ष), विशाल वर्मा (अध्यक्ष सिविल लाइन), भारत कपूर (नगर प्रभारी), ऋषभ कपूर, मनोज मेहरा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies