
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं के साथ साथ हरिद्वार मेयर एवं रुड़की मेयर ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और माता रानी के भजनों पर झूमती नजर आईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं हरिद्वार महापौर किरण जयसवाल एवं रुड़की महापौर अनीता अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। महापौर ने कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान और भक्ति की प्रेरणा देता है। माता रानी हमारे शहर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें, यही मेरी कामना है।

गंगा आरती में भी हुईं सम्मिलित
मंदिर में कीर्तन के पश्चात हरिद्वार महापौर किरण जयसवाल एवं रुड़की महापौर अनीता अग्रवाल ने पवित्र गंगा आरती में भी भाग लिया। उन्होंने पूर्ण विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की और शहर के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस आयोजन के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष सरीन, प्रमोद जौहर, व्यापारी नेता अरविंद कश्यप, सौरभ सिंघल, मंदिर के मुख्य पुजारी राम गोपाल परासर, प्रदीप परुथी, विजय सेठी और सावित्री मंगला, निधि शांडिल्य, कमलेश सरीन, राज बाला सहित कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर 'जय माता दी' के जयकारों से गुंजायमान रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies