
दैनिक रुड़की (इकराम अली):::
पिरान कलियर। दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र की एक गर्भवती महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने और जबरन गर्भपात कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 20 फरवरी 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से मनीष निवासी मंगल विहार (नंद विहार), रुड़की के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार नकदी, घरेलू सामान और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल दहेज में दी थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मनीष, सास रेखा, ससुर धीर सिंह, देवर अक्षय, ननद नेहा, नीरज समेत अन्य परिजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।पीड़िता ने बताया कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा।
उसने जब अपने मायके पक्ष को जानकारी दी तो परिजनों ने शादी के छह माह बाद एक स्कॉर्पियो कार भी ससुराल पक्ष को दे दी, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।महिला ने बताया कि वह वर्तमान में पांच माह की गर्भवती है। आरोप है कि गर्भ के बाद ही ससुराल पक्ष ने बच्चे को रखने से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगे। पति द्वारा गर्भ गिराने के लिए दवाइयां देने का भी आरोप लगाया गया है, जिसे उसने लेने से इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार हाल ही में कराए गए अल्ट्रासाउंड में गर्भ होने की पुष्टि होने पर ससुराल पक्ष के लोग भड़क गए और उसके साथ मारपीट कर दोबारा गर्भ गिराने की धमकी दी।
10 जनवरी को मायके पक्ष के लोग समझाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया।पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर उसके गर्भ को नुकसान पहुंचाने और मानसिक,दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति मनीष, ससुर धीर सिंह, सास रेखा, देवर अक्षय, ननद नेहा, नीरज, संदीप और निशांत के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies