News

19-03-2026 10:00:26

श्री सनातन धर्म रक्षणी सभा ने वार्षिक त्योहरावाली का किया विमोचन...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। श्री सनातन धर्म रक्षणी सभा द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभा द्वारा प्रकाशित वार्षिक 'त्योहरावली' का विधिवत विमोचन संपन्न हुआ। यह प्रकाशन न केवल सभा के अंतर्गत आने वाले मंदिरों, बल्कि क्षेत्र के अन्य सभी प्रमुख देवालयों में भी श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस तक व्रत, पर्व और सनातन परंपराओं की प्रामाणिक जानकारी पहुँचाना है।


विमोचन के अवसर पर सभा के प्रधान सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि त्योहरावली का प्रकाशन हमारी संस्कृति को जीवंत रखने का एक विनम्र प्रयास है। यह केवल एक कैलेंडर नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक विरासत का दर्पण है।


सभा के मंत्री सौरव भूषण शर्मा ने कहा कि सभा धर्म के ध्वज को ऊँचा रखने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने 'धर्मो रक्षति रक्षितः' के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि समाज को एक सूत्र में पिरोने के लिए धार्मिक पर्वों की सही जानकारी होना अनिवार्य है। वहीं, कोषाध्यक्ष भगवत स्वरूप ने बताया कि समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्य संभव होते हैं और इस बार प्रकाशन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि यह पूरे वर्ष श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर सके।


मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रोहित शर्मा ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार तिथियों और नक्षत्रों का सही ज्ञान पूजा-पाठ के लिए अनिवार्य है, जिसमें यह त्योहरावली अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। पंडित सचिन शर्मा ने युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी को त्योहारों के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराया जाएगा।


कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों और श्रद्धालुओं को 'त्योहरावली' की प्रतियाँ भेंट की गईं। इस दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर "जय श्री राम" और "धर्म की जय हो" के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में सभा के समस्त सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies