
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। नहर किनारे स्थित उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ के कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन दीपक शांडिल्य द्वारा किया गया।
बैठक में देहरादून से आए बिजली कर्मचारी संघ के प्रधान महामंत्री एवं संयुक्त मोर्चा के संयोजक प्रदीप कुमार कंसल ने आगामी 27 मार्च को ऊर्जा भवन, देहरादून में प्रस्तावित आंदोलन में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा बिजली विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया का वे पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डाकपत्थर क्षेत्र में विभाग की भूमि को गलत तरीके से खुर्द-बुर्द किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, संविदा कर्मचारियों को समान वेतन देने के शासन के आदेशों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। इस मुद्दे को भी शासन स्तर पर उठाने की बात कही गई।
बैठक में नीरज, विकास गुप्ता, कुलदीप शर्मा, संदीप कुमार, सर्वेश कुमार, मुकेश कुमार, मयंक चौहान, श्रीराम, खुशी राम, विनय कुमार, आलोक शांडिल्य, नाथी राम,बिरजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies