News

3/14/2026 4:05:13 PM

संस्थापक स्व. पं. रूपचंद शर्मा की पुण्यतिथि पर बिशम्बर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में शिक्षक विकास कार्यक्रम आयोजित...


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। बिशम्बर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, रूपचंद शर्मा एजुकेशन ट्रस्ट, रुड़की परिसर में संस्थान के संस्थापक स्व. पं. रूपचंद शर्मा की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार, 14 मार्च 2026 को एक भव्य शिक्षक विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “अनुसंधान एवं शैक्षणिक उत्पादकता को बढ़ाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग” रहा, जिसमें शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से शोध और शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के गन्ना विकास विभाग के राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और तकनीक का समन्वय ही देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षण गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. एस.के. घोष, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के शोधार्थी डॉ. अंकुश हल्बा तथा केमिकल इंजीनियरिंग विभाग की प्रोफेसर डॉ. एल. ए. सुदीक्षा ने अपने व्याख्यान दिए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार इसका उपयोग शोध कार्य, आंकड़ों के विश्लेषण, शैक्षणिक लेखन तथा शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में किया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एक प्रभावी उपकरण बन चुका है, जो शोध और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के अध्यक्ष चन्द्र भूषण शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर संस्थान के कोषाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को समय के साथ चलने वाली आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता और शोध की गुणवत्ता में वृद्धि हो सके।

वहीं संस्थान के प्रबंध निदेशक गौरव भूषण शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के अकादमिक और शोध उन्मुख कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य शाहज़ेब आलम, शाहीन, दिवाकर जैन, मिलन शर्मा, रुचि, सोनी, आबाद, शबनम, विकेट सिंह, सुधीर सैनी, डॉ. जेबा, रविंद्र कुमार, विशाल सैनी, हरेंद्र, जितेंद्र सिंह, स्वाती, आयुषी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों से आए शिक्षक, शोधार्थी और छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए और विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies