दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।रुड़की नगर निगम में पिछले पांच दिनों से चल रही आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शुक्रवार को नया मोड़ देखने को मिला। मेयर अनीता अग्रवाल और पार्षदों के साथ स्थाई कर्मचारियों ने शहर में सफाई कार्य शुरू किया, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों ने इसका विरोध करते हुए जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने सफाई कर रहे कर्मचारियों को रोकने का प्रयास किया। जैसे ही हड़ताली कर्मचारी मौके के पास पहुंचे, कुछ सफाई नायक और कर्मचारी वहां से निकल गए। वहीं एक-दो कर्मचारी पास के जूता शोरूम में घुसकर जूते पसंद करने का नाटक करते नजर आए और मौका देखकर वहां से खिसक लिए।
मौके पर मौजूद पुलिस ने हंगामा कर रहे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान मेयर अनीता अग्रवाल और मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने भी हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता कर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। कुछ देर तक प्रदर्शन करने के बाद हड़ताली सफाई कर्मचारी वापस लौट गए।
बताया जा रहा है कि इस विरोध के बाद अब स्थाई कर्मचारी भी सफाई कार्य करने से पीछे हटते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि रुड़की नगर निगम में पिछले पांच दिनों से आउटसोर्स सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies