दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की नगर निगम में पिछले पांच दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। मेयर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त राकेश तिवारी के नेतृत्व में स्थाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय से सफाई अभियान की शुरुआत की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा।

नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी संविदा या नियमित किए जाने समेत तीन मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। हड़ताली कर्मचारियों और निगम अधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता भी हुई, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है।
इसी बीच मेयर, नगर आयुक्त और पार्षदों के नेतृत्व में स्थाई कर्मचारियों ने सफाई व्यवस्था संभालते हुए पुलिस की मौजूदगी में अभियान शुरू किया। सफाई अभियान की शुरुआत नगर निगम कार्यालय से की गई और इसके बाद सिविल लाइंस बाजार क्षेत्र में सफाई कार्य कराया गया। इस दौरान एसडीएम ए.के. शुक्ला और तहसीलदार विकास अवस्थी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
सफाई अभियान के दौरान इनर व्हील क्लब स्पार्कल की अध्यक्ष निशा सुराना,नीलम मधोक ने भी सहयोग दिया। मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि निगम के स्थाई कर्मचारी काम पर लौट आए हैं और उम्मीद है कि बाकी कर्मचारी भी जल्द ही काम पर लौटेंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
वहीं नगर आयुक्त राकेश तिवारी ने बताया कि हड़ताली कर्मचारियों से लगातार वार्ता की जा रही है। कुछ बिंदुओं पर निगम स्तर पर सहमति बनी है, जबकि शासन स्तर की मांगों पर निर्णय सरकार द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का विवाद न हो, इसलिए सफाई अभियान के दौरान पुलिस को सुरक्षा के लिए साथ रखा गया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies