News

3/12/2026 4:41:08 PM

भ्रामक खबरों पर विराम: हरिद्वार में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं-पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध-हेल्पलाइन नंबर जारी...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


हरिद्वार। हरिद्वार में रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य व सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के मद्देनजर जनपद की सभी गैस एजेंसियों से उपलब्ध गैस स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को हो रही आपूर्ति की विस्तृत जानकारी ली गई। जांच में पाया गया कि जनपद में गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी 25 दिनों के बाद ही नियमानुसार की जाती है। इसलिए उपभोक्ता अनावश्यक घबराहट में आकर पैनिक बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

किसी भी प्रकार की असुविधा या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 तथा 7718955555 पर एलपीजी बुकिंग और शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा शिकायत अधिकारी के नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें आईओसी के लिए 9557947140, एचपीसी के लिए 8655436284 और बीपीसी के लिए 8894334950 शामिल हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी जानकारी के लिए केवल जिला सूचना अधिकारी के आधिकारिक बुलेटिन या संबंधित गैस कंपनियों के अधिकृत पोर्टल पर ही भरोसा करें। साथ ही उन्होंने बताया कि आपूर्ति विभाग हरिद्वार द्वारा गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies