News

3/11/2026 6:52:02 PM

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, वार्ता विफल; मेयर-नगर आयुक्त ने खुद झाड़ू उठाकर किया सफाई अभियान

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। रुड़की नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को महापौर अनीता अग्रवाल, मुख्य नगर आयुक्त राकेश तिवारी, सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और कई पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा की। हालांकि करीब दो घंटे से अधिक चली वार्ता के बावजूद किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी और बातचीत असफल रही।

बैठक के दौरान नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा और समाधान का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद सफाई कर्मचारी अपनी मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने पर अड़े रहे।

इधर, देर शाम नगर आयुक्त राकेश तिवारी, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पार्षदों तथा नगर निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुद झाड़ू उठाकर नगर निगम कार्यालय और उसके परिसर में सफाई अभियान चलाया। अधिकारियों ने सफाई कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस दौरान अधिकारियों ने आम जनता से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से लगातार वार्ता की जा रही है और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द ही हड़ताल समाप्त हो सके और शहर की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर आ सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies