दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। वर्तमान परिस्थितियों में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने बुधवार को दीपाली गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, बुकिंग प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर पारदर्शी और सुचारु तरीके से गैस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।गौरतलब है कि ईरान-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के चलते गैस आपूर्ति को लेकर देशभर में चिंता का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में भी बढ़ोतरी की गई थी और बुकिंग प्रणाली में कुछ बदलाव किए गए थे।
इसके अलावा होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कॉमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी न हो और किसी भी प्रकार की ब्लैक मार्केटिंग की स्थिति न बनने पाए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies