News

3/11/2026 6:00:43 PM

रुड़की नगर निगम में समझौता वार्ता विफल, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी


दैनिक रुड़की (राहुल सेक्सना):::

रुड़की। यूजर चार्ज को लेकर रुड़की नगर निगम में चल रहे विवाद के बीच बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हड़ताल समाप्त कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच समझौता वार्ता बुलाई गई थी, लेकिन बैठक में किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद तिवारी, महापौर अनीता अग्रवाल, नगर निगम के आउटसोर्स सफाई कर्मचारी, स्वस्थ मोहल्ला कर्मचारी और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे। सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगें नगर निगम प्रशासन के सामने रखीं, लेकिन उन पर सहमति नहीं बन पाई।

बैठक के दौरान पार्षद पंकज सतीजा, नितिन त्यागी, पार्षद प्रतिनिधि शगुन शर्मा, चारु कुमार और ताहिर अहमद ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की समस्याओं को देखते हुए बोर्ड बजट से प्रत्येक सफाई कर्मचारी को हर माह ₹3000 अतिरिक्त देने का प्रस्ताव भी रखा। हालांकि कर्मचारियों ने इस प्रस्ताव पर भी असहमति जताई।

इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने मुख्य नगर आयुक्त द्वारा मीडिया को दिए गए एक बयान पर भी कड़ा विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना था कि एक ओर नगर निगम प्रशासन उन्हें परिवार का हिस्सा बताता है, जबकि दूसरी ओर मीडिया में सफाई कर्मचारियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है। कर्मचारियों ने कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

विवाद बढ़ने पर मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद तिवारी ने भरी सभा में अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए सफाई कर्मचारियों से मौखिक रूप से माफी मांगी।

इसके बावजूद बैठक में किसी मांग पर सहमति नहीं बन सकी और समझौता वार्ता विफल हो गई। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त होता नजर आ रहा है।

इस बैठक में सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप भी मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारियों ने उठाई यह मांगे...

समान कार्य समान वेतन दिए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि उन्हें आउटसोर्स के बदले संविदा पर तैनाती दी जाए। 

हाईवे पर डिवाइडर आदि की सफाई करने वाले कर्मियों को सुरक्षा उपकरण दिए जाएं। कूड़ा उठान और यूजर चार्ज के लिए कोई कंपनी नगर निगम में न लाई जाएं,सफाई कर्मचारी उसमें काम नहीं करना चाहते

सौ कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया बोर्ड बैठक में पास हुई थी लेकिन भर्ती नहीं किए गए। 

जो कर्मचारी बिना किसी वजह के हटाए गए उनकी वापसी की जाए

कर्मचारियों ने किसी भी राजनैतिक रैली ने जाने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी सफाई की है रैली में भीड़ बढ़ाने की नहीं। 

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर शासन तक जाएं और जब वहां से मांगें पूरी हो जाएंगी तो कर्मचारी हड़ताल खत्म कर देंगे। 

सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह ने कहा जो कर्मचारी सेवानिवृत हो गया है उसके स्थान पर उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दें।


आउटसोर्स कर्मचारियों में अगर किसी की मृत्यु हुई है तो उसके स्थान पर परिवार के सदस्य को नौकरी दें साथ ही जिस कंपनी के जरिए कर्मचारी रखे गए हैं वह कंपनी सभी मानकों का पालन कर कर्मचारियों को सुविधाएं दें

मेयर प्रतिनिधि बोले

इस संबंध में मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल का कहना है कि कर्मचारियों से वार्ता की जा रही है उनके अधिकतर मांगे शासन स्तर पर है जो शासन तक पहुंचाई जाएगी अभी वार्ता चल रही है जल्द ही हड़ताल खत्म करवा दी जाएगी और सफाई व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies