दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की नगर निगम में तैनात आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का मामला अब सरकार तक पहुंच गया है। विधायक प्रदीप बत्रा ने गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों और उनके हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक प्रदीप बत्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए भरोसा दिलाया है कि वह स्वयं सफाई कर्मचारियों से मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी सफाई कर्मचारियों से शहर की स्वच्छता और जनहित को देखते हुए हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की आत्मीय अपील भी की है।
विधायक बत्रा ने कहा कि अपने क्षेत्र के हर वर्ग की आवाज को शासन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनका कर्तव्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों से रुड़की नगर निगम में तैनात आउटसोर्स सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और शहर के कई इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies