दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार ने क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने एक पत्र में दल्लावाला से रुड़की के बीच नियमित बस सेवा शुरू कराने और दूसरे पत्र में खानपुर क्षेत्र में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज खोले जाने की मांग उठाई है।
विधायक उमेश कुमार ने अपने पत्र में कहा कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दल्लावाला और रुड़की के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। लेकिन सीधी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उत्तराखंड परिवहन निगम को दल्लावाला से रुड़की मार्ग (वाया लक्सर) पर नियमित बस सेवा संचालित करने के निर्देश दिए जाएं, जिससे क्षेत्रवासियों को सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।
वहीं दूसरे पत्र में विधायक ने बताया कि तकनीकी शिक्षा के इस दौर में खानपुर विधानसभा क्षेत्र में अभी तक कोई भी पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थापित नहीं है। इसके कारण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से खानपुर क्षेत्र में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज खोलने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि इन दोनों मांगों के पूरा होने से एक ओर जहां क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies