दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
देहरादून।कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) उत्तराखंड ने राज्य सरकार के बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे सतत विकास, एमएसएमई के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाला बजट बताया है।
सीआईआई उत्तराखंड के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि बजट में प्रस्तुत GYAN मॉडल के माध्यम से उद्यमिता, कौशल विकास और प्रवासन को कम करने पर दिया गया जोर सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को उम्मीद है कि इस बजट से राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के लिए किए गए बजटीय प्रावधान प्रदेश में संतुलित और समग्र विकास को बढ़ावा देंगे। एमएसएमई सहायता योजना के लिए 75 करोड़ रुपये और स्टार्टअप वेंचर फंड के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान छोटे उद्योगों और नवाचार को मजबूत आधार प्रदान करेगा।
संजय अग्रवाल ने कहा कि निवेश और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ ही मेगा औद्योगिक एवं टेक्सटाइल नीति के तहत मिलने वाला अनुदान बड़े उद्योगों को राज्य की ओर आकर्षित करने में मदद करेगा।उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, गड्ढा मुक्त सड़क अभियान और रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड यूटिलिटी शिफ्टिंग परियोजना जैसे निवेशों से प्रदेश में लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक उड्डयन, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और पारिस्थितिकी पर्यटन के लिए किए गए प्रावधानों से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सीआईआई ने उम्मीद जताई कि इस बजट के माध्यम से उद्योग, उद्यमिता और रोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड को नई दिशा मिलेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies