
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
रुड़की। आईसीसी टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद रुड़की में देर रात तक जश्न का माहौल रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और ढोल की थाप पर जमकर नृत्य कर देश की जीत का उत्सव मनाया। लोगों ने तिरंगा लहराकर भारत की ऐतिहासिक जीत पर गर्व व्यक्त किया।
इससे पूर्व भाजपा नेता एवं फोनिक्स विश्वविद्यालय के चेयरमैन चेरब जैन के सिविल लाइंस स्थित आवास पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए, जहां बड़ी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण देखा गया। भारतीय बल्लेबाजों द्वारा चौके-छक्कों की बरसात होते ही वहां मौजूद लोग खुशी से झूम उठे और नाचते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त करने लगे।
वहीं जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के खिलाड़ी एक-एक कर पवेलियन लौटते गए तो वहां मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ता गया। जैसे ही भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया, लोग खुशी से झूम उठे।
इसके बाद चेरब जैन के आवास से चंद्रशेखर चौक तक विजय जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लहराते हुए और देशभक्ति के नारे लगाते हुए चौक तक पहुंचे और वहां जमकर जश्न मनाया।
इस अवसर पर चेरब जैन ने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर पूरे देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना की बदौलत भारत ने विश्व विजेता बनकर इतिहास रच दिया है।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विभोर सेठी ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के संघर्ष और समर्पण से युवाओं को प्रेरणा मिलती है कि कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies