
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इनर व्हील आरएफ स्पार्कल क्लब की ओर से रुड़की नगर निगम सभागार में “नारी रंगोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की महिलाओं और विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही नगर निगम परिसर में महिलाओं द्वारा लगाए गए कई प्रकार के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर घर की सजावट के लिए हैंडीक्राफ्ट से तैयार वस्तुएं, कपड़े तथा खाने-पीने के विभिन्न व्यंजन उपलब्ध थे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर विधायक प्रदीप बत्रा की धर्मपत्नी व समाजसेविका मनीषा बत्रा तथा आईआईटी रुड़की के निदेशक की धर्मपत्नी हेमा पंत रहीं।इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनीषा बत्रा ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है और सभी को मिलकर महिलाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए।क्लब की अध्यक्ष निशा सुराना ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से महिलाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब हमेशा महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मंडल में रिचा अलवत, सुनीता मिनोचा और अनु आनंद उपस्थित रहीं। प्रतियोगिताओं में थाली डेकोरेशन, वॉक, डांस प्रतियोगिता और हेल्दी फूड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
हेल्दी फूड प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपने घरों से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजन प्रस्तुत किए। इनमें ढोकला, चाट, नॉन-फ्राइड फुलकी, पानी-पूरी, ड्राई फ्रूट बर्फी सहित कई व्यंजन शामिल थे। निर्णायक मंडल ने इन व्यंजनों का अवलोकन कर सबसे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया।कार्यक्रम के दौरान रंगारंग नृत्य प्रस्तुति, डांस प्रतियोगिता और तंबोला जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, जिससे महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और आज के समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक चेयरमैन पूजा गोयल,अध्यक्ष निशा सुराना,सचिव स्तुति गोयल,स्वाति,अंजू गौड़,नीलम मधोक, रीमा बंसल,साक्षी त्यागी,सीमा भूषण,सीमा भाटिया, अन्नू आनंद आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies