दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के छात्र-छात्राओं के “हंसी अभियान” के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्षा महिला मोर्चा उत्तराखंड रोमा सैनी द्वारा सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में रोमा सैनी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म के दौरान साफ और सुरक्षित सेनेटरी पैड का उपयोग करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि सेनेटरी पैड को हर 4 से 6 घंटे में बदलना चाहिए तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके साथ ही दिन में कई बार हाथ धोने, जननांगों की साफ-सफाई रखने, साफ और आरामदायक कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और पौष्टिक आहार लेने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को हल्का व्यायाम करने के साथ-साथ तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन और गहरी सांस लेने जैसी गतिविधियों को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
इस अवसर पर हंसी अभियान के अंतर्गत ग्राम शंकरपुरी, ब्रह्मपुर, कान्हापुर, किशनपुर, बेलड़ा, बेलड़ी, कमालपुर सैनी बास, हकीमपुर तुर्रा, जाधवपुरी, सरस्वती विहार, सुनहरा और नंद विहार में महिलाओं के बीच 8000 सेनेटरी पैड का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में कल्पना, नीता, कविता, गीता, पूजा, सविता सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies