News

3/8/2026 1:06:46 PM

बाइक सवार युवकों का हवाई फायरिंग करते वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा चौकी इलाके में बाइक सवार युवकों द्वारा हवाई फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर को इमलीखेड़ा क्षेत्र में एक बाइक पर सवार चार युवक दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये युवक एक बाइक सवार व्यक्ति और महिला के बराबर से गुजरते हुए अचानक तमंचे से आसमान की ओर फायर कर देते हैं। फायरिंग की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।इसी बीच इमलीखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी नाबालिग बेटी को लगातार धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। आरोप है कि कॉल करने वाले लोग उसे ब्लैकमेल कर पढ़ाई छोड़ने और घर से उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं।पीड़ित का आरोप है कि बादशाहपुर लक्सर निवासी एक युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ पहले भी धमकी दे चुका है और शनिवार को भी उसके घर के पास आकर तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इससे उसकी बेटी की जान को खतरा बना हुआ है।पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देना समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies