News

3/6/2026 7:15:01 PM

ट्रक ड्राइवर की बेटी बनी IAS, फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने 708वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया पिरान कलियर का मान...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। मेहनत और हौसले के दम पर ट्रक ड्राइवर की बेटी फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से पूरे पिरान कलियर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

फ़ैरुज़ फ़ातिमा के पिता इक़बाल अहमद पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी और हर परिस्थिति में उसका हौसला बढ़ाया। पिता की मेहनत, त्याग और विश्वास के साथ फ़ातिमा की लगन और कड़ी मेहनत ने यह मुकाम दिलाया।

फ़ैरुज़ फ़ातिमा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रही हैं और उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं। खेल और शिक्षा दोनों में संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

इससे पहले वर्ष 2024 में फ़ैरुज़ फ़ातिमा का चयन भारतीय रिज़र्व बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर हुआ था और वर्तमान में वह वहीं तैनात हैं। अब IAS में चयन होने से परिवार और क्षेत्र के लोगों में गर्व का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फ़ैरुज़ फ़ातिमा की सफलता उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं। पिरान कलियर की इस होनहार बेटी को क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


खेल के मैदान से यूपीएससी तक का सफर..


रुड़की। फ़ैरुज़ फ़ातिमा केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेलों में भी सक्रिय रही हैं। वह उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी रह चुकी हैं और सोनाली नदी के ग्राउंड से खेलते हुए आगे बढ़कर आज आईएएस अधिकारी बनने तक का सफर तय किया है।फ़ैरुज़ फ़ातिमा की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह तथा सानू और साहिल सहित पूरे रग्बी परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies