
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
भगवानपुर। पुरानी रंजिश और आपत्तिजनक टिप्पणियों से परेशान होकर एक व्यक्ति ने अपने ही परिचित की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। मामले में भगवानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को प्रताप कॉलोनी निवासी महिला ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ट्रक संख्या UP17BT-8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर लोन छपरौली रोड, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 94/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने 5 मार्च को दबिश देकर आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है। राहुल कुमार उसके परिचितों में था और दोनों का अक्सर उठना-बैठना होता था। दोनों कभी-कभार साथ में शराब भी पीते थे। आरोपी के अनुसार राहुल शराब के नशे में उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था और बाद में होश आने पर माफी मांग लेता था। इस बात से वह लंबे समय से परेशान था।
4 मार्च को होली के दिन दोनों भगवानपुर टोल के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राहुल ने फिर उसकी भांजियों के बारे में गलत बातें कही, जिससे आरोपी को गुस्सा आ गया। उसने राहुल को ट्रक से उतरने को कहा और जैसे ही वह टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने गुस्से में ट्रक चढ़ाकर उसे कुचल दिया और फरार हो गया।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक UP17 BT 8882 को भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल उवैदउल्ला और कांस्टेबल रविंद्र राणा शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies