News

3/5/2026 9:22:50 AM

रुड़की के अनाज मंडी में गोदाम में लगी भीषण आग-मची अफरा तफरी..

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::



रुड़की।रुड़की की अनाज मंडी बीटीगंज स्थित एक गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की दो दमकल गाड़ियां अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं और जोखिमपूर्ण कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस दौरान फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे फायर स्टेशन रुड़की को अनाज मंडी बीटीगंज, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र स्थित एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। गोदाम में चिप्स, मुरमुरे और खील आदि खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मौके पर पहुंची और मोटर फायर इंजन से दो होज पाइप लाइन फैलाकर पानी की बौछार शुरू की।

घटना स्थल पर धुएं से भरे वातावरण में फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आयरन कटर से खिड़की काटी और गोदाम में रखा काफी सामान बाहर निकाला। दमकल कर्मियों ने अथक प्रयास से आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया और आग को अन्य दुकानों तक फैलने से भी रोक दिया।

हालांकि आग लगने से गोदाम में रखा कुछ चिप्स, मुरमुरे और खील जलकर नष्ट हो गया तथा गोदाम की विद्युत वायरिंग और फिटिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान बचा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर कोतवाली गंगनहर से रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक नवीन शर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। गोदाम स्वामी और उनके परिजन भी मौके पर उपस्थित रहे।अग्निशमन टीम में अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव, लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा, चालक विपिन सिंह तोमर, चालक नरेंद्र सिंह तोमर, चालक मोहन सिंह नेगी, फायरमैन हरीश राणा, फायरमैन सुनील कुमार बंदोलिया और फायरमैन रविन्द्र सिंह शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies