
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। होली पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली रुड़की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भीड़भाड़ वाले बाजार में नकली नोट खपाने की फिराक में खड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 38 जाली नोट (कुल ₹19,000) बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 01 मार्च 2026 की रात्रि को कोतवाली रुड़की पुलिस टीम मोबाइल गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सोनाली पार्क के सामने, कलियर रोड पर मोटरसाइकिल सहित खड़ा है और नकली नोटों का व्यापार करता है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुकेश कुमार गर्ग (52 वर्ष) पुत्र कुंवर सेन निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 रुपये के 38 कूट रचित/जाली नोट बरामद हुए।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान लेन-देन करते समय नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।पुलिस टीम में उप निरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यान और होमगार्ड महक सिंह की अहम भूमिका रही।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies