News

3/2/2026 6:22:23 PM

योग को बनाएं जीवन का अभिन्न अंग : स्वामी दिनेशानन्द भारती...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर प्रशिक्षण एवं कौशल विकास केंद्र में आयोजित छह दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी दिनेशानन्द भारती (पीठाधीश्वर शंकरमठ आश्रम), प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह, प्रभारी ओमना तोमर एवं योगाचार्य तिलक राम चौहान द्वारा माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।


 स्वामी दिनेशानन्द भारती ने कहा कि योग मात्र व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा को जोड़ने की एक पवित्र विद्या है। उन्होंने उपस्थित साधकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल शिविर तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और समाज में भी इसका संदेश फैलाएं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने योग को 'सभी रोगों की अचूक दवा' बताते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य सुधारने के साथ-साथ हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील बनाता है। वहीं, केंद्र की प्रभारी ओमना तोमर ने कहा कि नियमित योगासन से व्यक्ति निरोगी रहता है और विद्यार्थियों में एकाग्रता व स्मरण शक्ति का विकास होता है।

शिविर में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्कृताचार्य विवेक पांडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुप्रिया, स्नेहलता पाण्डेय, साक्षी चौधरी, कविता चौहान, बबीता त्यागी, प्रीति शर्मा, अमित शर्मा, राहुल सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और योग प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर का विधिवत समापन किया गया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies