
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। खानपुर विधानसभा इन दिनों उत्तराखंड की सियासत में सुर्खियों का केंद्र बनी हुई है। इसकी मुख्य वजह है वर्तमान विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुमार प्रणव सिंह चैंपियन के बीच गहराता विवाद। दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग तेज हो गई है और एक-दूसरे पर लगातार तीखे पलटवार किए जा रहे हैं। वहीं इस बीच उमेश कुमार समर्थकों ने पत्रकार वार्ता कर चैंपियन पर निशाना साधते हुए क्षेत्र का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। 

पिछले दिनों विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा भी सार्वजनिक रूप से प्रणव सिंह चैंपियन पर हमलावर नजर आईं। वहीं, पूर्व विधायक प्रणव सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों में कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी घसीटे जाने से सियासी हलकों में हलचल मच गई। 
बताया जा रहा है कि उनके बयान से दोनों प्रमुख दलों के नेताओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। इसी बीच, सोशल मीडिया पर कुछ समूहों द्वारा समर्थन और विरोध में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। जहां एक ओर गुर्जर समाज के कुछ लोगों द्वारा “36 बिरादरी का मेला” लगाने की चेतावनी दी गई, वहीं दूसरी ओर सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सर्व समाज के गणमान्य लोगों ने खानपुर विधायक उमेश कुमार का समर्थन करते हुए पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह पर क्षेत्र का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति का माहौल बनाए रखें और किसी भी प्रकार का टकराव की स्थिति पैदा न करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
जो जीता है वह लगातार विकास कार्य कर रहा है। उमेश कुमार ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए है। प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही बयानबाजी से क्षेत्र में भय और असमंजस का वातावरण बन रहा है। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक संभावित टकराव की चर्चाएं हो रही हैं, जो क्षेत्र की शांति और विकास के लिए उचित नहीं हैं।
सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी स्पष्ट किया कि बाहरी लोग इन व्यक्तिगत बयानों पर प्रतिक्रिया देकर क्षेत्र का माहौल खराब न करें। शासन-प्रशासन से अपील की गई कि ऐसे तत्वों को चिन्हित किया जाए जो धमकी भरे संदेशों के माध्यम से उत्तराखंड और खानपुर का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ये रहे मौजूद प्रमुख प्रतिनिधि
प्रेस वार्ता में सरदार हरवेंदर, राजबीर माथाना, चौधरी विनोद प्रधान, महेन्द्र चौहान, तबरेज़ प्रधान, नीटू कश्यप, राव इमरान, राजू सैनी, सोनवीर प्रधान, समी एडवोकेट, सोनू राठी, अरशद चेयरमैन, ओसी कुमार, रवि चौधरी,रवि कश्यप, अंकित बाल्मीकि,याकूब खान, प्रधान सुखदेव सिंह, राव उमर, मिन्नू मलिक, मुर्सलीन, शाहनज़र खान, मोहम्मद इस्लाम, मोहित, जावेद प्रधान, सनम प्रधान, मुसर्रत अली, तेज सिंह राणा, देवराज गुर्जर, रजत गुर्जर एवं अजीत ठाकुर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies