दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। सीआईआई नॉर्दर्न रीजन द्वारा उत्तराखंड के उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों के साथ राज्य के औद्योगिक भविष्य, सतत विकास और क्लाइमेट रेज़िलिएंस पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में राज्य के विकास रोडमैप को पर्यावरणीय स्थिरता से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
सीआईआई नॉर्दर्न रीजन के डिप्टी चेयरमैन एवं सेमटेल अविनोसिस के एमडी एवं सीईओ पुनीत कौर ने उत्तराखंड को अपने “स्टेट ग्रीन रेज़िलिएंस मिशन” को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के विकास खाके में सतत विकास, जलवायु अनुकूलन और नागरिकों के बेहतर जीवन स्तर को केंद्र में रखते हुए एक व्यापक विज़न दस्तावेज़ तैयार किया जाए।
बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए सीआईआई उत्तराखंड की नई नेतृत्व टीम की घोषणा भी की गई।सीआईआई उत्तराखंड के नए अध्यक्ष के रूप में श्री संजय अग्रवाल को नियुक्त किया गया है। वे प्रो पैकेजिंग इंडस्ट्रीज़ के निदेशक हैं और फार्मास्युटिकल पैकेजिंग क्षेत्र में नवाचार एवं गुणवत्ता के लिए जाने जाते हैं। अग्रवाल एक प्रतिष्ठित शिक्षा उद्यमी भी हैं। उन्होंने RIT Roorkee (NAAC A++) तथा Delhi Public School Vikasnagar की स्थापना की है। उत्तराखंड में उनके सोलर पावर प्रोजेक्ट्स पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने टीआईई देहरादून की सह-स्थापना की, जो स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन एवं अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच है। द दून स्कूल और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र श्री अग्रवाल शिक्षा और उद्योग के समन्वय से राज्य को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीआईआई उत्तराखंड के उपाध्यक्ष पद पर श्री सौरभ वैश्य को नियुक्त किया गया है।
वे रोज़वुड अपार्टमेंट होटल्स के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक हैं और आतिथ्य क्षेत्र में 20 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उनके नेतृत्व में यह ब्रांड उत्तर भारत के प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में स्थापित पहचान बना चुका है।उनका व्यवसायिक विस्तार गुरुग्राम, हरिद्वार, पंतनगर, भीमताल और देहरादून तक फैला हुआ है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी दिल्ली के पूर्व छात् वैश्य अपने उद्यमों में डिज़ाइन थिंकिंग और सुव्यवस्थित प्रबंधन प्रक्रियाओं को प्राथमिकता देते हैं।
वे सतत पर्यटन और उद्योग-सम्बद्ध शिक्षा के समर्थक हैं तथा सीआईआई उत्तराखंड के टूरिज़्म एवं वेलनेस पैनल के सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदार विकास और नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि नई नेतृत्व टीम के मार्गदर्शन में उत्तराखंड का औद्योगिक परिदृश्य नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies